थाना सिकंदरा की रुनकता चौकी में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मूर्ति विसर्जन करने आए एक किशोर का सिपाही ने सिर फोड़ दिया। पीड़ित अपने चाचा के साथ शिकायत लेकर चौकी पर पहुंचा तो वहां भी उसे घंटों बैठा कर रखा गया।
आगरा में रुनकता के रेणुका धाम पर मूर्ति विसर्जन करने आए मिढ़ाकुर के आसिफ पुत्र सालिगराम मंगलवार का सिर फोड़ दिया, आरोप एक सिपाही पर लगाया है। पुलिस घायल किशोर व उसके चाचा गोपाल को रुनकता चौकी पर ले आई। पुलिस ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए पीड़ित के चाचा गोपाल सिंह को ही हवालात में डाल दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने घायल किशोर का मेडिकल तो दूर उसकी महरम पट्टी तक नहीं कराई। परिजन की ओर से काफी अनुरोध करने के बाद पुलिस ने घायल को इलाज के लिए भेजा। किशोर के सिर में सात टांके लगे हैं। रात करीब ग्यारह बजे पुलिस ने घायल को बिना मेडिकल कराए घर भेज दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल व पुलिस कमिश्नर को ट्वीट के बाद कराया मेडिकल
देर रात रुनकता चौकी पर किसी ने घायल किशोर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के साथ आगरा पुलिस कमिश्नर को ट्वीट कर दिया। वीडियो में किशोर कह रहा है कि इन्हीं लोगों ने उसके सिर में डंडा मारा है और चाचा को ही बंद कर दिया है। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने उसी रात करीब डेढ़ बजे घायल किशोर को घर से बुलाकर मेडिकल कराया।