कासगंज। उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट की प्रतिष्ठित 27वीं डॉ. गौरहरि सिंघानिया टी-20 चैंपियनशिप का शुभारंभ रविवार को हुआ। उद्घाटन मैच में हाथरस वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन ने एटा वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन की टीम को तीन विकेट से हराकर अपने अभियान का जीत के साथ शानदार आगाज किया। अपने ऑलराउंड प्रदर्शन (दो विकेट और 49 रन) से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सौरव चंद्रा मैन ऑफ द मैच रहे।
उत्तर प्रदेश वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में एटा वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप का उद्घाटन मैच कासगंज क्रिकेट अकेडमी के मैदान पर खेला। एटा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अरुण कांत के सबसे अधिक 54 रन की मदद से टीम ने 20 ओवर में 128 रन बनाए। राजीव ने 17, मनीष ने 15 और संत प्रकाश ने आठ रन का योगदान दिया।
हाथरस की ओर से विशाल ने तीन, सौरव चंद्रा और सौरव शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। एक विकेट नितिन को मिला। जवाब में हाथरस की टीम ने सौरव चंद्रा की 49 रन की उत्कृष्ट पारी की बदौलत 19 ओवर में सात विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सिद्धार्थ शर्मा ने 24, अमित शर्मा ने 15 और सचिन 14 रन का योगदान दिया। एटा के मनोज ने तीन विकेट लिए।
मैच के अंपायर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मान्यता प्राप्त अंपायर हरेंद्र शर्मा और दीपक कौशिक रहे। स्कोरिंग गोपाल पोनिया ने की। मैच के दौरान यूपीवीसीए के पर्यवेक्षक राजेश शर्मा मौजूद रहे। बाद एटा वेटरन वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुपम द्विवेदी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के अलावा मैन ऑफ द मैच सौरव चंद्रा को पुरस्कार प्रदान किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न दिए गए। मैच की व्यवस्थाएं अखिल दीक्षित ने संभाली। इस दौरान तीनों के जिलों के वरिष्ठ क्रिकेटर और खेल प्रेमी मौजूद रहे।