राधारानी मंदिर की छत पर संगमरमर की सफेद छतरी
- फोटो : अमर उजाला
हरियाली तीज की संध्या पर ब्रज नंदिनी की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा को मंदिर के गर्भगृह से नीचे परिसर में बनी संगमरमर की सफेद छतरी में लाया गया। फूलों से सजे डोले में विराजमान प्रिया-प्रियतम की झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ सी लग गई।
गोस्वामी समाज के युवक डोले को कंधों पर उठा कर राधारानी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। राधा-कृष्ण के श्रीविग्रह को सफेद छतरी में विराजमान किया गया। सेवायतों द्वारा राधारानी को पूआ का भोग लगा कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
श्री वृषभानु की पौरी रचै है हिडोरना, गौर श्याम धारन कौ लहरिया झूलत लहरै लैत। पहरौ सरस चैक सौ श्यामा उधरि परौ हिय हेत, उफन उठौ संगम सुख सागर लोने अंग दिखायी देत आदि मल्हार गाई गईं।
गोस्वामी समाज की कुंवारी कन्याओं द्वारा राधारानी का आरता किया गया। इसके बाद डोला में बैठा कर राधाकृष्ण के श्रीविग्रह को वापस गर्भगृह में ले जाया गया। वहीं राधारानी के दर्शन के लिए हजारों भक्त आए, जिससे बरसाना में दिनभर जाम के हालात बने रहे।