कासगंज के सोरोंजी में हरि की पौडी गंगा में पहुंचा गंगाजल ।
- फोटो : KASGANJ
सोरोंजी (कासगंज)। तीर्थनगरी की हरि की पौड़ी में सोमवार को गंगा का जल गोरहा नहर के माइनर के माध्यम से पहुंच गया। गंगाजल पहुंचने से तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। एक सप्ताह पूर्व हरि की पौड़ी में पानी की कमी होने के कारण बड़ी संख्या में मछलियों ने दम तोड़ दिया और पानी भी प्रदूषित हो गया। जल की कमी होने पर तीर्थ पुरोहितों ने प्रशासन से जलापूर्ति की मांग की है।
सोमवार को गंगा जल गोरहा माइनर के माध्यम से पूर्व की तरह पहुंचा। हरि की पौड़ी में पानी की तत्काल जरूरत थी। क्योंकि सोमवती अमावस्या का स्नान 30 मई को पड़ रहा है। इस स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यदि पानी की कमी रहती तो श्रद्धालुओं को स्नान में दिक्कतों का सामना करना पड़ता। नहर से गंगाजल पहुंचने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह कटे हुए माइनर को मिट्टी से सही किया। इसके बाद पानी की आपूर्ति तेज हो सकी। अब हरि की पौड़ी में जलस्तर सामान्य पर आ गया है।
- हरि की पौड़ी में माइनर के माध्यम से जो जल की आपूर्ति की जा रही है, उसे पाइप लाइन के माध्यम से किया जाए। क्योंकि कच्चे माइनर के माध्यम से पानी और प्रदूषित हो जाता है। स्नान पर्व से पूर्व पानी की आपूर्ति की गई है। - गिरधारीलाल भारद्वाज, तीर्थपुरोहित।
- हरि की पौड़ी में माइनर के माध्यम से आने वाले पानी का पहले ट्रीटमेंट होना चाहिए, जिससे पानी बिना प्रदूषण के शुद्ध रूप से हरि की पौड़ी में पहुंचे। इस पर पर्यटन विभाग और नगरपालिका ध्यान दे। - शिव वैंदेल, विहिप मंत्री।