जानकारी देतीं अशुमा दीक्षित, एडिशनल कमिश्नर
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में राजा मंडी स्टेशन से आरपीएफ, जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को 1,51,68,500 रुपये की नकदी के साथ पकड़ा है। ये रुपये लेकर दिल्ली से सामान लेने के लिए जा रहे थे। आयकर की टीम भी पहुंच गई और रकम जब्त कर ली। रुपये गिनने के लिए दो मशीनें लगानी पड़ीं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर शिशिर कुमार झा ने बताया कि सुबह करीब 9:50 बजे राजामंडी स्टेशन पर जांच कर रहे थे। प्लेटफार्म नंबर एक पर दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखे। दोनों के पास काले बैग थे। सख्ती से पूछने पर अपने नाम अनुज परिहार (40) निवासी गंज मोहल्ला, फिरोजाबाद और अंकित गुप्ता (34) निवासी मोहल्ला कुआंखेड़ा फतेहाबाद बताया। इनको पकड़ कर बैग की तलाशी ली तो ये नोटों से भरे थे।
इस पर आयकर अधिकारियों को भी सूचना दी। इनको आगरा कैंट स्टेशन लेकर जाया गया। रुपये गिनने के लिए आयकर टीम ने दो मशीनें लगाईं। करीब 4 घंटे में रुपये गिने गए। इसमें अनुज के बैग से 84,68,500 रुपये और अंकित के बैग से 67,00000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में इन्होंने बताया कि रुपये आगरा के साेनू के हैं। दिल्ली सामान लेने जा रहे थे। इनके पास कागजात भी नहीं थे। आयकर की टीम ने धनराशि जब्त कर ली है।
आरपीएफ पर दिखाया था रौब
आरपीएफ राजामंडी इंस्पेक्टर एलपी पचौरी ने बताया कि दोनों लोग ट्रेन संख्या 18477 उत्कल एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इनके पास टिकट भी था। जब इनसे बैग की तलाशी कराने के लिए कहा तो ये रौब झाड़ते हुए टीम को धमकाने लगे। बैग की तलाशी नहीं लेने पर संदेह और गहराया और सख्ती करने पर बैग की जांच हो सकी।
व्यापारियों की बताई जा रही रकम
जांच टीम की प्रारंभिक पूछताछ में ये आगरा और फिरोजाबाद के व्यापारियों के होने की आशंका है। ये दोनों हॉकर हैं जो व्यापारियों के लिए कार्य करते हैं। इस धनराशि से चांदी या फिर अन्य सामान खरीद करने जा रहे थे। आयकर की टीम इनसे पूछताछ कर रही है।
जांच में निकले 1.51 करोड़ रुपये
जीआरपी इंस्पेक्टर समर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से बैग खोले तो ये नोटों से भरे हुए थे। इस पर दोनों आरोपी बोले साहब, 50 लाख रुपये हैं। ये बार-बार बयान भी बदल रहे थे। कभी कहते कि दिल्ली से माल खरीदने जा रहे हैं, कभी कहते कि माल का भुगतान करने जा रहे हैं।
नकदी जब्त, आरोपियों से कर रहे पूछताछ
आयकर की उप निदेशक जांच आशिमा महाजन ने बताया कि जीआरपी से सूचना मिली कि दो व्यक्तियों से नकदी बरामद हुई है। गिनने पर ये 1.51 करोड़ रुपये हैं। धनराशि जब्त कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।