मथुरा जंक्शन पर मंगलवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। यार्ड में अचानक हुई इस घटना रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन यार्ड में आने वाली अन्य गाड़ियों को रोक दिया गया। उधर, सोमवार को एर्नाकुलम से हजरत निजामुद्दीन जा रही मंगला एक्सप्रेस (2670) के इंजन का एक्सल कीथम व रुनकता के बीच लॉक हो गया।
मंगलवार सुबह मालगाड़ी का कपल इंजन लोको पायलट लेकर जा रहा था। उसे इंजन को सुरक्षित यार्ड में खड़ा करना था। इंजन के पहिये पटरी से उतरने लगे। जानकारी लगते ही तुरंत चालक ने इंजन को रोक दिया, जिससे दूसरा इंजन पटरी पर उतरने से बच गया। बताया जा रहा कि चालक इंजन को निर्धारित बिंदु से आगे ले गया था। डीआरएम पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।
आगरा में मंगला एक्सप्रेस का इंजन फेल
मंगला एक्सप्रेस सोमवार की सुबह आगरा कैंट स्टेशन पर ठहराव के बाद मथुरा के लिए रवाना की गई थी। सुबह करीब साढ़े 10 बजे कीथम और रुनकता के बीच गाड़ी के इंजन का एक्सल लॉक हो गया। इस कारण लोको पायलट ने ट्रेन को वहीं रोक दिया। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।
इसके बाद तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। पूर्वाह्न 11 बजे तक खामी दूर नहीं हो सकी। इसके बाद आगरा कैंट स्टेशन से एआरटी (दुर्घटना राहत ट्रेन) को भेजा गया। वहीं ट्रेन के डाउन ट्रैक पर खड़े होने के कारण भोपाल की ओर से दिल्ली जाने वाली गाड़ियों को जहां तहां स्टेशनों पर रोका गया।