सदल दल ने छात्रों की कॉपियों को किया सील
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेकभनोलॉजी (आईआईटी) में चल रही एमबीबीएस की परीक्षा में दो नकलची पकड़ में आए। ये छात्र एफएच मेडिकल कॉलेज टूंडला के हैं। ये जूतों में पर्चियां छिपाकर लाए थे। सचल दल ने नकल सामग्री और कापियां सील कर दी हैं। इसकी रिपोर्ट कुलपति को भेजी है।
सचल दल के प्रभारी प्रो. पीके सिंह ने बताया कि खंदारी स्थित आईईटी में एमबीबीएस की पूरक परीक्षाएं चल रही हैं। इसमें चार मेडिकल कॉलेज के छात्र परीक्षा दे रहे थे। करीब पौने ग्यारह बजे कक्ष के निरीक्षण करने पर सचल दल की जांच में दो छात्र संदिग्ध नजर आए। इनकी सघन जांच करने पर जूते उतरवाए तो इसके अंदर पर्चियां निकलीं। इनके पूछने पर इनके नाम सद्दाम अली सिद्दिकी और सलामुद्दीन शेख बताया। आई कार्ड और प्रवेश पत्र भी यही नाम दर्ज थे। ये एमबीबीएस 2019 बैच द्वितीय प्रोफेशनल के छात्र हैं। नकल सामग्री और कापियों को सील करते हुए छात्रों को यूएफएम ( अन फेयर मींस) में बुक कर दिया है। कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को भी इसकी रिपोर्ट दी है।
चार कॉलेजों के 83 छात्र दे रहे हैं परीक्षा
आईईटी निदेशक प्रो. मनुप्रताप सिंह ने बताया कि आईईटी में एसएन मेडिकल कॉलेज, एफएच मेडिकल कॉलेज, मथुरा के केएमएम कॉलेज और केडी मेडिकल कॉलेज के 83 छात्र परीक्षा दे रहे हैं। कक्ष में प्रवेश से पहले महिला और पुरुष शिक्षकों की टीम ने सघन जांच की। लॉकेट, घड़ी, मोबाइल, बेल्ट समेत अन्य प्रतिबंध सामग्री को बाहर ही रखवाया गया। दो नकलची पकड़े हैं, इनकी कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए रिपोर्ट कुलपति को भेजी है।