मथुरा जिले के राधाकुंड क्षेत्र में मुखराई मोड बाईपास के पास सोमवार रात को गो तस्करों ने गो रक्षक दल पर फायरिंग कर दी। इसमें गो रक्षक दल का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल की ओर से गो तस्करों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को गो तस्कर और गो रक्षक दल का आमना-सामना हो गया। गो तस्कर गोवंश को लाठी-डंडों से पीटकर वाहन में चढ़ाया जा रहा था। गो रक्षक दल के सदस्यों ने इसका विरोध किया। इस पर गो तस्करों ने फायरिंग कर दी।
गोली 22 वर्षीय राहुल पुत्र गोविंदा के घुटने में लगी। गोरक्षा दल के अध्यक्ष महावीर सिंह ने घायल राहुल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल ने बताया कि वे लोग सूचना के आधार पर गोतस्करों से गोवंश को मुक्त कराने पहुंचे थे।
गो तस्करों ने गोरक्षा दल को देखते ही फायरिंग कर दी। इसके बाद तस्कर गोवंश को टाटा 407 में लादकर फरार हो गए। घटना के संबंध में एसपी देहात श्रीश चंद ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।