छछैना फ्लाईओवर हादसे में शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के जीएम-डिप्टी जीएम व पीएनसी इन्फ्राटेक के जीएम और प्रोजेक्ट मैनेजर को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं शटरिंग ठेकेदार, हाइड्रा का चालक और फोरमैन सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि हादसे का संज्ञान मुख्यमंत्री और डीजीपी स्तर से लिया गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दिशा निर्देश मिले हैं।
एनएचएआई अलीगढ़ मंडल के जीएम सुनील जिंदल और डिप्टी जीएम पीपी सिंह, पीएनसी के जीएम विमल कुमार और प्रोजेक्ट मैनेजर अमित भाटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं छछैना पुल निर्माण के ठेकेदार त्रिलोक चंद्र जैन, सुपरवाइजर राजेंद्र सिंह, फोरमैन अब्दुल कयूम और हाइड्रा चालक मनवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कंपनी की ओर से सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई।
रूट डायवर्जन के लिए लाल-हरी झंडी लेकर गार्ड्स तक नहीं लगाए गए। गंभीरता से पूछताछ और जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने बताया कि पीड़ित परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का चेक दिया गया है। अन्य योजनाओं से भी आच्छादित किया जाएगा।