कासगंज। जिले में टीकाकरण से वंचित रह गए 3455 फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए जिले में कोरोना वैक्सीन की डोज नहीं बची हैं। इनका टीकाकरण अब नई खेप आने के बाद हो सकेगा। विभाग ने शेष बची 5930 डोज को अब तक टीकाकरण करा चुके कर्मियों के लिए सुरक्षित कर लिया है।
शासन से जिले के लिए दो खेप में 12130 वैक्सीन मिली थी। इनमें से विभाग 6740 वैक्सीन प्रयोग कर चुका है। विभाग के पास अब 5930 वैक्सीन शेष बची है। जिले में 3702 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीकाकरण के लिए पंजीकृत किया गया, इसमें से 247 वर्कर्स टीकाकरण करा चुके हैं। 3455 वर्कर्स टीकाकरण को अभी शेष रह गए हैं। इन वर्कर्स को 11,12 एवं 18 फरवरी को टीकाकरण किया जाना है लेकिन जिले में इनके टीकाकरण के लिए वैक्सीन नहीं बची है। शासन से नई खेप
आने के बाद ही टीकाकरण की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
जिला में जो वैक्सीन शेष बची हैं उनको दूसरी डोज देने के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। शासन से जिला के लिए वैक्सीन अलॉट कर दी गई है। जल्द ही यह वैक्सीन जिला में पहुंच जाएगी। जिससे टीकाकरण का कार्य किया जा सकेगा। -डॉ. अंजुश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी