आगरा। यूपी बोर्ड, सीआईएससीई और सीबीएसई के 12वीं के नतीजे घोषित हो चुके हैं। छात्रों के पास उच्च शिक्षण संस्थानों और तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के तमाम मौके इस समय हैं। आप रक्षा क्षेत्र में कॅरिअर बनाना चाहते हों या कानून की पढ़ाई करना। फैशन की दुनिया आपको लुभाती हो या फिर प्रबंधन के क्षेत्र में मुकाम हासिल करना चाहते हैं, आपके पास ढेरों अवसर हैं। सही संस्थान और सही कोर्स का चयन कर आप अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के बाद बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं के परिणाम भी आ गए। इंटर के बाद अधिकांश छात्रों के दिमाग में एक ही सवाल होता है कि अब क्या? उच्च शिक्षण संस्थानों और केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी पहले ही कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के फॉर्म भर चुके हैं। इनकी परीक्षाएं चल रही हैं।
वहीं कुछ छात्र ऐसे भी हैं जो किसी कारणवश सीयूईटी के लिए आवेदन नहीं कर पाए। ऐसे छात्रों के लिए मुंबई विवि में प्रवेश का मौका है। कॅरिअर काउंसलर राजीव शर्मा ने बताया कि मुंबई विवि में स्नातक स्तर के तमाम पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाता है। वहीं कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट), सिंबायोसिस और एलिट परीक्षा के फॉर्म अगस्त के आसपास मिलना शुरू हो जाएंगे।
अगर आप तकनीकी क्षेत्र में भविष्य बनाना चाहते हैं तो नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) में प्रवेश का मौका है, इस संस्थान के छात्रों ने ही वंदे भारत ट्रेन डिजाइन की है। फैशन की दुनिया में छाने को बेकरार छात्रों के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी और होटल व्यवसाय में भविष्य संवारने के इच्छुक छात्रों के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (पूसा) के पंजीकरण 10 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं।
देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत युवाओं के लिए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) भी एक अच्छा विकल्प है। इससे देश सेवा के साथ आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं। एनडीए के लिए साल में दो बार आवेदन लिए जाते हैं। एनडीए के लिए पंजीकरण 20 मई से 9 जून तक होंगे। अगर आप आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई करना चाहते हैं तो आईआईएम रांची डिजिटल मार्केटिंग विद एप्लाइड एआई सर्टिफिकेट कोर्स और आईआईएम उदयपुर के बीबीए डिजिटल फर्स्ट प्रोग्राम में भी प्रवेश ले सकते हैं। ऑनलाइन कोर्स होने के कारण आपको इसके लिए कहीं जाने की भी जरूरत नहीं है।