अवैध धर्मांतरण कराने के आरोप में यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा पर शिकंजा कसता जा रहा है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह ने छांगुर बाबा को सख्त सजा देने की मांग उठाई है।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बलरामपुर में गिरफ्तार किए गए धर्मांतरण गिरोह के सरगना जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
विज्ञापन
मीडिया को जारी किया बयान
डॉ. बबीता चौहान ने मीडिया को जारी किए गए बयान में कहा कि जमालुद्दीन पर कई समुदायों की लड़कियों को निशाना बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए एक ''रेट लिस्ट'' बनाने का आरोप है। यह जानकर पूरे राज्य में आक्रोश है। उन्होंने साफ कहा कि हमारी बेटियां जबरन धर्म परिवर्तन की जहरीली विचारधारा का परीक्षण करने की प्रयोगशाला नहीं हैं। यह चौंकाने वाला खुलासा उस मानसिकता को दर्शाता है, जो समाज में जहर घोलने का काम कर रही है।
100 करोड़ के लेनदेन मिला
उन्होंने बताया कि जमालुद्दीन का 100 करोड़ का लेनदेन मिला है। उसके 40 देशों में संपर्क हैं, जो धर्म परिवर्तन कराने के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में इस तरह के अन्य अपराधी भी जल्द ही कानून के शिकंजे में होंगे।
अभिभावकों से भी जागरूक रहने की अपील
उन्होंने अभिभावकों से भी जागरूक रहने की अपील की। कहा कि वह अपनी बच्चियों पर ध्यान दें कि वह कहां जा रही हैं, किसके साथ हैं और क्या कर रही हैं।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं रोकने के लिए महिला आयोग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। हर संभव कदम उठाए जाएंगे।