आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शनिवार को सिकंदरा स्थित महामाया जिंजर कंपनी पर छापा मारकर तेजाब से धुला 14 क्विंटल अदरक जब्त किया है। यह फर्म एफएसडीए के यहां पंजीकृत नहीं है।
गोदाम में अदरक से भरे 40 बोरे मिले। हर बोरे का वजन 35 किग्रा है। पास में ही अदरक धोने के स्थान पर केमिकल मिला, जिसे तेजाब बताया गया है। एक कार की डिक्की में भी केमिकल था। तीन लीटर केमिकल जब्त कर किया गया है। गोदाम संचालक रामकृपाल निवासी चंदन नगर फर्म का लाइसेंस नहीं दिखा पाए।
जिला अभिहित अधिकारी मनोज वर्मा ने बताया कि केमिकल प्रथम दृष्ट्या तेजाब प्रतीत हो रहा है। इससे अदरक को साफ कर सब्जी मंडी के थोक विक्रेताओं के यहां सप्लाई किया जाता था। जांच के लिए केमिकल और अदरक के नमूने भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।