आगरा में नुनिहाई लिंक रोड स्थित मार्को इंटरप्राइजेज के घी का नमूना फेल हो गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने लैब के लिए नमूने भेजे थे। 10 नमूनों में से एक की रिपोर्ट आ गई है।
नौ अक्तूबर को अंकुर जैन की मार्को इंटरप्राइजेज से नमूने लिए गए। यहां से 209 क्विंटल मिलावटी घी पकड़ा गया था। गोदाम से घी-वनस्पति के 10 नमूने लेकर जांच को भेजे गए थे।
प्रकरण में सहायक आयुक्त खाद्य विनीत कुमार और गोदाम मालिक अंकुर जैन के बीच साठगांठ के आरोप में सहायक आयुक्त खाद्य को सस्पेंड किए जाने पर मामला और संवेदनशील हो गया है।
इसे देखते हुए जिला अभिहित अधिकारी ने लैब को बाकी के नमूनों की जांच कराकर जल्द रिपोर्ट देने को कहा है। जिला अभिहित अधिकारी डा. श्वेता सैनी ने बताया कि मार्को इंटरप्राइजेज के गोदाम से लिया गया घी का एक नमूना फेल पाया गया है।
मामला अब शासन तक है, ऐसे में लैब प्रभारी को पत्र लिखकर प्राथमिकता के तौर पर बाकी के नमूनों की जांच करा रिपोर्ट जल्द भेजने को कहा है।
मार्को इंटरप्राइजेज पर छापे की पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसका गोदाम विभाग में पंजीकृत है कि नहीं, छापे के वक्त कौन-कौन साथ थे, कितना माल पकड़ा गया था। क्या कार्रवाई की और नियमानुसार क्या होनी चाहिए। पूरी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
आनंदा की विजीलेंस टीम करेगी निरीक्षण
गोदाम में आनंदा घी की रीपैकिंग की जा रही थी। कंपनी की विजिलेंस टीम ने यहां का निरीक्षण किया था। विभाग से सहयोग नहीं मिलने पर कंपनी ने थाना एत्माउदौला में गोदाम मालिक अंकुर जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
कंपनी के विजिलेंस प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी की जानी चाहिए। जल्द ही उनकी टीम दोबारा निरीक्षण करने आगरा आएगी।
मिलावटखोर के साथ सहायक आयुक्त खाद्य विनीत कुमार की साठगांठ के बाद इसमें कौन-कौन शामिल थे, इनका खुलासा अब कमिश्नर की जांच में होगा।
शासन ने पूरे मामले की जांच कमिश्नर को सौंपकर रिपोर्ट तलब की है। दरअसल, छापे के दौरान गोदाम मालिक ने 10 लोगों के नाम गिनाए थे, जो इस खेल में महीनेदारी लेते थे और मिलावटखोरी के खेल में सहयोग करते थे।