मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह बुधवार को सीडीओ के साथ गांव रठेरा पहुंचे। यहां बुखार से मृत बालिका के परिजनों से जानकारी ली। गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या पर सचिव को लेबर लगाकर गलियों की सफाई कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी गांव में प्रवीन सविता के घर पहुंचे और बुखार से बालिका की मौत के बारे में जानकारी ली। गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या पर सचिव से कहा कि अनटाइड फंड से मजदूर लगाकर गलियों की सफाई कराई जाए। जल निकासी के उचित प्रबंध कराए जाएं। मुख्य मार्ग पर कार्य कर रही कार्यदायी संस्था के लोगों को निर्देश दिए कि तत्काल निर्माण कार्य पूर्ण कर नाली का निर्माण कराएं ताकि जल-भराव की स्थिति से ग्रामीणों को निजात मिल सके। उन्होंने गांव की गली का भ्रमण कर जायजा लिया। गांव के तालाब मे पानी भरा था। जिसकी निकासी का कोई प्रबंध नहीं पाया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ विनोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय, खंड विकास अधिकारी सदर विजय सिंह, डॉ. अनिल यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पपेंद्र, प्रधान प्रतिनिधि केसी यादव आदि लोग मौजूद रहे।
-----
30 सितंबर तक पंचायत घर का कार्य हो पूरा
जिलाधिकारी ने गांव रठेरा में भ्रमण के दौरान पाया कि गांव में नव-निर्मित ओवरहेड टैंक की पाइप लाइन डालने के कार्य में कई गलियों की खुदाई की गई लेकिन कार्यदायी संस्था ने उनका सही ढंग से निर्माण नहीं कराया। ग्रामीणों ने बताया कि पाइप लाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त है, जिस कारण जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। गांव में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, पंचायत भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिस पर उन्होंने सामुदायिक शौचालय को तत्काल स्वयं सहायता समूह को हैंड ओवर कर संचालित कराने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन पंचायत भवन का कार्य 30 सितंबर तक पूर्ण कराए जाने के निर्देश सचिव को देते हुये कहा कि जिन ग्रामीणों के घरों में शौचालय नहीं है उन्हें सामुदायिक शौचालय का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया जाए। कोई भी व्यक्ति खुले में शौच न जाए।