ट्रक में लदी बोरियों में भरा था गांजा
- फोटो : अमर उजाला
ओडिशा और विशाखापत्तनम से गांजा तस्करी कर आगरा के रास्ते दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सप्लाई हो रहा है। इसका खुलासा आगरा में पकड़े गए तस्करों ने किया है। एसटीएफ और पुलिस की टीम ने शुक्रवार को जरार चौकी के पास रुई की बोरियों से भरे ट्रक सहित तीन करोड़ रुपये का 12 कुंतल से ज्यादा गांजा पकड़ा था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी चालक दिलीप निवासी कौशांबी, क्लीनर विष्णु दत्त मिश्रा उर्फ गोलू निवासी फतेहपुर और दिव्यांशु केसरवानी को जेल भेज दिया। पुलिस को जांच में पता चला है कि ओडिशा से गांजा आ रहा है। दिल्ली-हरियाणा में ज्यादा खपा रहा है।
बीते चार महीनों की बात करें तो आगरा जिले में लगभग आठ करोड़ रुपये कीमत का गांजा बरामद किया जा चुका है। तस्कर ट्रेन, बस, ट्रक और कार से गांजा की तस्करी कर रहे हैं। तस्करी में महिलाएं भी शामिल हैं। बीते महीनों में जीआरपी और आरपीएफ ने कई महिलाओं को पकड़ा है, जो गांजा तस्करी की कैरियर बनी हैं। पुलिस लगातार अवैध नशीले पदार्थ को लेकर अभियान चला रही है।