हरिद्वार से बुलंदशहर होते हुए अलीगढ़ तक जाने वाली अपर गंगा कैनाल के बंद होने के बाद शहर में गंगाजल संकट गहरा गया है। शहर को हर दिन बुलंदशहर से पाइपों के जरिये होने वाली 140 क्यूसेक गंगाजल की आपूर्ति घटकर एक चौथाई रह गई है। जलापूर्ति में कमी के बीच जलकल विभाग ने प्रभावित करीब तीन लाख लोगों को त्योहारों के लिए भंडारण करते हुए जरूरत के अनुसार पानी इस्तेमाल करने की एडवाइजरी जारी की है।
दरअसल, आगरा की करीब तीन लाख आबादी को जल संपूर्ति (गंगाजल) परियोजना के तहत बुलंदशहर जिले के पालड़ा गांव में अपर गंगा कैनाल पर बने सेडिमेंटेशन टैंक से पाइपों के जरिये गंगाजल की सप्लाई होती है। दो अक्तूबर को सिंचाई विभाग ने बिना जलकल और परियोजना निदेशक को सूचना दिए सफाई के लिए अपर गंगा कैनाल को 20 अक्तूबर तक के लिए बंद कर दिया। पांच दिन तक तो कैनाल में मौजूद पानी की वजह से शहर की सप्लाई सुचारु रही, लेकिन उसके बाद दो दिन गंगाजल की आपूर्ति बाधित हुई तो अफसरों की नींद टूटी। आनन-फानन में आला अधिकारियों ने बातचीत कर मध्य गंगा कैनाल के जरिये गंगाजल की आपूर्ति की व्यवस्था की। चूंकि मध्य गंगा कैनाल के अपस्ट्रीम से कई छोटी-छोटी कैनाल निकली हुई हैं। इस वजह से शहर के लिए 140 की जगह महज 35 क्यूसेक पानी ही पहुंच पा रहा है। इस वजह से शहर में जल संकट खड़ा हो गया। जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए जल निगम एवं सिंचाई विभाग से समन्वय बनाकर प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - Agra: दिवाली से पहले अतिक्रमण के खिलाफ, फुटपाथ पर लगीं दुकानें हटवाईं; सामान किया जब्त
टैंकरों के जरिये आपूर्ति के लिए करें संपर्क
जल संकट के बीच जलकल विभाग ने टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराने का निर्णय लिया है। महाप्रबंधक ने बताया कि टैंकर के लिए टोलफ्री नंबर 1800-2702722, कंट्रोल रूम नंबर 8192095401, सुमित पचौरी के नंबर 8192095225 एवं सहायक अभियंता आशीष कुमार के मोबाइल नंबर 8192095302 पर संपर्क कर सकते हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी
जलसंकट के बीच निचले इलाकों तक तो गंगाजल पहुंच रहा है, लेकिन शहर के ऊंचाई वाले इलाकों में पानी की सप्लाई सबसे ज्यादा प्रभावित है। बालूगंज, सदर, छीपीटोला, ट्रांस यमुना कालोनी, श्रीनगर कालोनी, महावीरनगर, बालाजीनगर जैसे क्षेत्रों के अलावा टीले वाली गली, कटरा कछियाना गली जैसे इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
यमुनापार में भी लो प्रेशर से दिक्कत
गंगाजल के साथ ही वाटरवर्क्स से हो रही आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। यमुनापार निवासी कपिल गौतम ने बताया कि दिन में होने वाली सप्लाई पंद्रह से बीस मिनट हो रही है। वहीं, ट्रांसयमुना काॅलोनी निवासी सूरज सिंह ने बताया कि प्रेशर लो होने की वजह से टंकियों में पानी नहीं चढ़ पा रहा है। इससे काफी मुश्किलें आ रही हैं।