फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा दशहरा- लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी

विज्ञापन
कासगंज में गंगा दशहरा पर्व के मौके पर कछला गंगाघाट पर गंगा में डुबकी लगाते श्रद्घालु - फोटो : KASGANJ
विज्ञापन
कासगंज/सोरोंजी/गंजडुंडवारा। गंगा दशहरा पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जिले के गंगाघाटों पर डुबकी लगाकर पुण्यलाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने गंगास्नान कर पूजा-अर्चना करते हुए दान पुण्य भी साधु संतों को किया। गंगा का दुग्धाभिषेक किया और पहरावनी की। पूरे दिन गंगा पर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा।
विज्ञापन

बुधवार की शाम से ही तीर्थनगरी सोरों, लहरा, कछला, कादरगंज और इस्माइलपुर गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं ने डेरा जमा लिया। बृहस्पतिवार की सुबह भोर के साथ ही गंगाघाटों के मंदिरों में जैसे ही घंटे घड़ियाल की आवाजें सुनाई दीं। वैसे ही श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे दिन खुलता गया वैसे ही वैसे श्रद्धालुओं की संख्या गंगाघाटों पर बढ़ती जा रही थी। सुबह छह बजे सभी गंगाघाटों पर चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम ही नजर आ रहा था। हर कोई गंगा की रेतीली तलहटी में दौड़ता हुआ गंगा की धार की ओर बढ़ रहा था, जिससे वह जल्दी गंगा स्नान कर सके। दूरस्थ इलाकों के लोग रात को ही यहां पहुंच गए थे। आसपास के इलाके के लोगों का दोपहर तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। तमाम श्रद्धालु गंगा मां का दूध से अभिषेक करते नजर आए वहीं तमाम गंगाभक्त गंगा की पहरावनी करते नजर आ रहे थे। पूजा-अर्चना का सिलसिला दिनभर गंगाघाटों पर चलता रहा। गंगाघाटों पर भंडारे के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जहां श्रद्धालु साधू, संतों और भिक्षुओं को भोजन कराके दान दक्षिणा भेंट कर रहे थे।
जल क्रीड़ा कर की मस्ती
गंगाघाटों पर युवाओं और बच्चों के बीच मस्ती का आलम देखा गया। गंगास्नान करते समय युवक युवतियों की टोलियां पिरामिट बनाकर गंगा के जल में छलांग लगा रहे थे। वहीं, गंगा में कोई दौड़ लगा रहा था तो कोई बॉल से खेल रहा था।
विज्ञापन

बच्चों के कराए मुंडन संस्कार
गंगाघाट पर बड़ी संख्या में बच्चों के मुंडन संस्कार भी किए गए। गंगाघाटों पर मुंडन संस्कार के लिए नाइयों की कमी नजर आ रही थी। तमाम परिवारीजन नाइयों के पास अपने बच्चों के मुंडन कराने के लिए प्रतीक्षा करते नजर आ रहे थे। जिन परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए उनके द्वारा दान-दक्षिणा भी दी गई।
वाहनों का पड़ा टोटा
श्रद्धालुओं को वाहनों की कमी का सामना करना पड़ा। लोग टेंपो व अन्य वाहनों पर लटके नजर आ रहे थे। श्रद्धालु मजबूरी में वाहनों की छतों पर यात्रा करने को मजबूर थे। भरतपुर के श्याम ने बताया कि वह सोरों से कछला आए हैं, लेकिन काफी भीड़ होने के कारण टेंपो की छत पर उन्हें बैठना पड़ा। इसी तरह की समस्याएं अन्य श्रद्धालुओं को उठानी पड़ी। गंगास्नान का बड़ा पर्व होने के बावजूद रोडवेज ने कोई इंतजाम नहीं किए।
नौका विहार का लिया आनंद
तमाम श्रद्धालुओं ने नौका विहार का जमकर आनंद लिया। कोई नाविक के द्वारा चलाई जा रही वोट में बैठा था तो कोई मोटर वोट में बैठकर नौका विहार का आनंद ले रहा था। बच्चों में नौका विहार को लेकर काफी क्रेज नजर आया।
सेल्फी तो बनती है
गंगास्नान के दौरान लोग मोबाइल से सेल्फी लेना नहीं भूले। गंगा में तमाम लोग सेल्फी लेते नजर आ रहे थे। वहीं, तमाम लोग फोटोग्राफरों से फोटो खिचवा रहे थे।
- गंगा दशहरा पर कछला, लहरा, हरि की पौड़ी व अन्य गंगाघाटों पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सायं तक गंगास्नान किया है। शुक्रवार को भी गंगा दशहरा पर्व का मुहूर्त है। आज भी गंगास्नान को श्रद्धालु पहुंचेंगे। - रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें