फतेहपुर सीकरी के हंसपुरा गांव में श्मशान घाट पर टीनशेड नहीं होने के कारण बारिश के बीच तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
आगरा के फतेहपुर सीकरी विकासखंड के ग्राम हंसपुरा में श्मशान घाट पर टीनशेड न होने से मंगलवार को बारिश के बीच ग्रामीणों को तिरपाल लगाकर शव का दाह संस्कार करना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हंसपुरा निवासी सत्यप्रकाश सक्सैना का मंगलवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे, लेकिन वहां बारिश से बचाव के लिए टीनशेड की व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में ग्रामीणों ने तिरपाल लगाकर चिता को बारिश से बचाया और किसी तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई।
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट पर टीनशेड की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विकास के दावों के बावजूद गांव की मूलभूत सुविधाएं उपेक्षा का शिकार हैं। मानसून की शुरुआत में ही ऐसी स्थिति सामने आने से ग्रामीणों ने आने वाले दिनों में और अधिक परेशानी की आशंका जताई है।
समाजसेवी सुनील कुमार पाराशर ने कहा कि किसी व्यक्ति की अंतिम विदाई के समय भी ऐसी अव्यवस्था होना बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की इस मूलभूत समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि श्मशान घाट में टीनशेड एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण की मांग को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई गई है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से श्मशान घाट पर जल्द पक्का टीनशेड और आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के दौरान इस तरह की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।