आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में 3 अगस्त को होने वाले 92वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह के सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहली अगस्त को दोपहर 1 बजे स्वामी विवेकानंद परिसर, खंदारी स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में फुल ड्रेस रिहर्सल कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कुलसचिव ने कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों और पदक धारकों की उपस्थिति अनिवार्य की है।
रिहर्सल में माननीय कोर्ट, कार्यपरिषद एवं विद्यापरिषद के सदस्य, सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, आवासीय संस्थानों के प्रतिनिधि तथा पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समय से उपस्थित होना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी पदक धारकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
दीक्षांत समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंगलाचरण, कुलगीत और जलसे से संबंधित समितियों के संयोजक एवं सह-संयोजकों को भी आवश्यक तैयारियों के साथ रिहर्सल में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य समितियों के संयोजकों से भी अपनी-अपनी समिति के सदस्यों सहित उपस्थित रहने को कहा गया है।