आगरा में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के बेटे के साथ 42 लाख रुपये की ठगी हो गई। उससे एक युवक ने टोल टैक्स का ठेका दिलाने का झांसा देकर पांच बार में 60 लाख रुपये ले लिए। बाद में दबाव पड़ा तो 18 लाख वापस कर दिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी बबलू कुमार से की है। उन्होंने सिकंदरा थाना प्रभारी को जांच सौंपी है।
शाहगंज क्षेत्र के खेरिया मोड़ पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी जालिम सिंह चाहर परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे राजकुमार ने बताया कि शास्त्रीपुरम निवासी राम अवतार से उसकी जान पहचान 2013 में हुई थी। 2017 में उसने कहा कि वह टोल टैक्स का ठेका दिला सकता है।
राम अवतार के पास कुछ समय के लिए टोल वसूली का ठेका रहा था। इस कारण उस पर यकीन आ गया। उसने फर्जी कागजात दिखा दिए। पहले कहा कि राजस्थान में ठेका दिलाएगा, इसके बाद यूपी में। इस तरह उससे 60 लाख रुपये ले लिए।
वो पुलिस से शिकायत न करे, इसलिए जब भी दबाव पड़ता, कभी पांच लाख, तो कभी दो लाख वापस कर देगा। अब राजकुमार का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। घर जाकर पैसा मांगा तो जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पर पहले से भी केस दर्ज है।