कासगंज। एसआईटी की जांच में दोषी पाए गए 91 शिक्षकों में से 5 शिक्षक उच्च न्यायालय ने ही स्पष्ट रूप से फर्जी माने। उनके खिलाफ शासन के निर्देश पर कासगंज में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। सोरों के खंड शिक्षाधिकारी और अमांपुर के खंड शिक्षाधिकारी ने 2 फर्जी शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
एक शिक्षक सहावर ब्लॉक, एक सोरों ब्लॉक, एक सिढ़पुरा, एक अमांपुर और एक गंजडुंडवारा में फर्जीवाड़े का दोषी पाया गया। बीएसए ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश संबंधित खंड शिक्षाधिकारी को दिए। जिनमें पिछले सप्ताह गंजडुंडवारा खंड शिक्षाधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया।
अब सोरों के खंड शिक्षाधिकारी सचिन कुमार ने नगला पटिया के प्राथमिक विद्यालय में तैनात फर्जी शिक्षक हरेश कुमार और अमांपुर के खंड शिक्षाधिकारी गिर्राज सिंह ने बहटा के स्कूल पर तैनात नीरज कुमार के खिलाफ सहावर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस तरह एसआईटी की जांच में दोषी पाए तीन शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा हो चुका है।
लापरवाह बने सिढ़पुरा खंड शिक्षाधिकारी
सिढ़पुरा के खंड शिक्षाधिकारी थान सिंह पर सहावर ब्लॉक का भी चार्ज है। सहावर और सिढ़पुरा के फर्जी शिक्षकों पर इन्होंने अभी मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। इस पर बीएसए ने इन्हें फिर से चेतावनी दे दी है।
- 5 फर्जी शिक्षकों में से तीन के खिलाफ अब तक संबंधित खंड शिक्षाधिकारी मुकदमा दर्ज करा चुके हैं। सहावर और सिढ़पुरा खंड शिक्षाधिकारियों को पुन: निर्देश जारी किए हैं- अंजली अग्रवाल, बीएसए।