मैनपुरी। शहर के कई वार्डों में गलियां कच्ची है। बदहाल मार्गों से लोग परेशान हैं। इनकी फरियाद सुनने की जगह नगर पालिका बनी हुई इंटरलॉकिंग सड़कों को उखाड़कर सीसी सड़क बनवा रही है। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। शहरवासियों का कहना है कि पहले सड़क वहां बननी चाहिए, जहां सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बनी हुई सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाना औचित्यहीन है।
नगर पालिका 1.90 करोड़ से शहर की नौ गलियों का निर्माण करा रही है। जहां गलियों का निर्माण हो रहा है, वहां पहले से इंटरलॉकिंग बिछी हुई है। नए निर्माण के तहत इंटरलॉकिंग को उखाड़कर सीसी सड़क बनाई जा रही है। लोग इसे पैसे का दुरुपयोग मान रहे हैं। मोहल्ला कृष्णा नगर में वर्ष 2014-15 में तत्कालीन चेयरमैन साधना गुप्ता ने इंटरलॉकिंग सड़क बनवाई थी। इसे अब उखाड़कर सीसी बनाया जा रहा है। इसी तरह मोहल्ला कटरा गली से इंटरलॉकिंग उखाड़कर, सीसी बनाई जा रही है। बैंक कॉलोनी के लिए जाने वाली दुर्गा मैरिज होम वाली गली भी उखाड़कर सीसी बनाई जा चुकी है।
इन मोहल्लो में हाल बेहाल
शहर के मोहल्ला चांदेश्वर रोड, शिवनगर, राजीव गांधीनगर, गाड़ीवान, बृज कॉलोनी, बाईपास रोड, मोहल्ला शिवलाल, यदुवंशनगर, रामलीला मैदान का कुछ क्षेत्र आदि मोहल्लों में पक्की सड़क है और न ही जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया गया। बारिश में यहां जलभराव हो जाता है।
प्रस्ताव हुआ था पास
बोर्ड की बैठक में जिन प्रस्तावों को पास किया गया था। उन पर काम चल रहा है। शीघ्र ही अन्य स्थानों पर भी सड़क निर्माण कराया जाएगा।
लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका
हाईलाइर्ट्स
1.90 करोड़ से शहर की नौ गलियों का हो रहा निर्माण
07 वार्ड के लोग आज भी कर रहे हैं विकास कार्य का इंतजार
32 वार्ड नगर पालिका परिषद में हैं शामिल
मोहल्ले में कई गलियां कच्ची पड़ी हुई हैं। कई बार नगर पालिका से गली निर्माण की मांग की गई, लेकिन गली आज तक नहीं बनी।
सलीम खां, करहल रोड
हमारे घर के सामने वाली गली काफी खराब स्थिति में है। नगर पालिका ने आज तक मरम्मत नहीं कराई। नगर पालिका को सड़क निर्माण कराना चाहिए।
-रिशू, गाड़ीवान
मेरे मोहल्ले में आज भी गलियां कच्ची पड़ी हुई हैं। बारिश का पानी भरने से निकलना मुश्किल होता है। पहले गली ऐसे मोहल्लों में बननी चाहिए थी।
-सुनील कुमार, चांदेश्वर रोड
पालिका को पहले वहां गली निर्माण कराना चाहिए था, जहां पर आज तक गलियां नहीं बनीं है। मेरे मोहल्ले में कई गलियां कच्ची पड़ी हुई हैं। जलनिकासी के लिए नाली और नाला नहीं है।
-विनोद कुमार, मोहल्ला शिवलाल