आगरा के एक युवक ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में नौकरी का झांसा देकर फिरोजाबाद निवासी युवक से 7.82 लाख रुपये की ठगी कर ली। नौकरी न लगने पर पीड़ित ने रुपये वापस करने की मांग की। एत्माद्दौला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के सत्यनगर टापा कला निवासी जोगेंद्र सिंह ने केस दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि उनके पुत्र विवेक और भतीजे सूरज की पढ़ाई करने के बाद भी सरकारी नौकरी नहीं लग पा रही थी। वह उनके भविष्य को लेकर चिंतित थे। इस बीच एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के कछपुरा निवासी रतन सिंह कुशवाह से मुलाकात हुई।
उसने इंडियन ऑयल में दोनों की नौकरी लगवाने के लिए 8 लाख रुपये मांगे। उनसे 1 लाख रुपये एडवांस और दोनों बच्चों के दस्तावेज ले लिए। परीक्षा भी दिलाई। बाद में आरोपी ने 6.82 लाख रुपये भी खाते में डलवा लिए। जब बच्चों की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने तगादा किया। इस पर धमकी देकर भगा दिया। एत्माद्दौला थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कराई जा रही है।