यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा: घटना स्थल पर एकत्र लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर धौरउ गांव के पास सोमवार दोपहर दिल्ली की ओर जा रही कार का टायर फट गया। टायर फटने के बाद कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी दिशा में 40 फीट दूर जा कर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर एक्सप्रेसवे पर तैनात गार्डों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल मे भर्ती कराया है।
टोल प्लाजा प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि सोमवार को कार सवार राजेश, अजय, प्रदीप और विनीत निवासी मधुबनी, बिहार से दिल्ली जा रहे थे। कार राजेश चला रहा था। दोपहर करीब तीन बजे ग्राम धौरउ के पास अचानक कार का टायर तेज धमाके के साथ फट गया। अचानक टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी दिशा में 40 फीट दूर जाकर पलट गई।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई अन्य वाहन चपेट में नहीं आया। चीख पुकार सुनकर एक्सप्रेसवे पर तैनात गार्ड मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया।
क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर सुचारु कराया यातायात
यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद दिल्ली की ओर से आ रहे वाहनों को दुर्घटना स्थल से थोड़ा पहले रोक दिया गया। वाहनों के रोके जाने से रोड पर वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान पुलिस और एनएचएआई के कर्मचारियों ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क के किनारे करवाया। इसके बाद ही यातायात सुचारु हो सका। चौकी प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।