मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात को पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से फायरिंग हुई। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान अरविंद उर्फ भूरा के रूप में हुई है। वह 1.05 करोड़ रुपये की लूट का मास्टरमाइंड है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने इनामी समेत तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। घायल इनामी बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि पकड़े बदमाशों में इनामी अरविंद उर्फ भूरा समेत उसका भाई अरुण, आगरा निवासी विनय और नरेश भी हैं। इनके कब्जे से 44 लाख रुपये 45 हजार रकम बरामद हुई है। 10 लाख रुपये लुटेरों ने वारदात के बाद भागदौड़ में ही खर्च कर दिए थे। लूट की बाकी रकम की बरामदगी के लिए पुलिस पकड़े गए सभी लुटेरों से जानकारी जुटा रही है। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की है।