Agra News: नकली जेवरात पर लोन लेकर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में सोना रखकर ऋण देने वाली कंपनी और बैंक को एक ठग गिरोह चूना लगा रहा था। सोने की परत चढ़ाकर नकली जेवरात सराफ से तैयार कराते थे। गिरवी रखकर लोन लेने के बाद रकम चुकता नहीं करते थे। थाना कमला नगर पुलिस ने रविवार को गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें जेल भेजा गया। इसमें सराफ मास्टरमाइंड है, उसकी तलाश की जा रही है।
गिरवी रखकर लेते थे लोन
मुथूट फिनकोप लिमिटेड, शाखा कमला नगर के प्रबंधक रवि यादव ने केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि ग्राहक लाला लालवानी को 1.40 लाख रुपये का ऋण दिया गया। ग्राहक ने 43 ग्राम सोने के ब्रेसलेट को गिरवी रखा था। मगर, जांच में वह नकली निकला। इस पर ग्राहक को बुलाया। मगर, वो नहीं आया। बाद में पता चला कि कंपनी की अन्य शाखा में भी इसी तरह से धोखाधड़ी की गई थी।
एक सराफ तैयार करता नकली जेवरात
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम को लगाया गया था। लाला लालवानी समेत चार आरोपी पकड़ लिए गए। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों का एक गिरोह है। वह मुथूट फाइनेंस कंपनी की कमला नगर, सिकंदरा और संजय प्लेस शाखा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सिकंदरा शाखा से नकली जेवरात लगाकर लोन ले चुके हैं। लोन अदा नहीं करने पर जेवरात चेक किए तो धोखाधड़ी का पता चला। गिरोह का मास्टरमाइंड एक सराफ है। वह जेवरात तैयार करता है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। वह फरार हो गया है। सभी रकम आपस में बांट लेते थे।
इस तरह करते थे ठगी
थाना प्रभारी विपिन गौतम ने बताया कि लाला की दोस्ती राजकुमार से है। राजकुमार ने वीरेंद्र से लाला को नकली ब्रेसलेट दिलवाया। उसे यह अरविंद ने दिया था। ब्रेसलेट पर तीन परत सोने की थी। जबकि, बाकी नकली था। सराफ और एक अन्य आरोपी फरार हैं। जेवरात पर ऊपर सोने की परत होती थी। नीचे चांदी या तांबा होता था।
शुद्धता की जांच कराते हैं बैंक एवं कंपनी
कंपनी और बैंक गिरवी रखे गए जेवरात की जांच कराते हैं। नियमानुसार जांच के दौरान जेवरात की डिजाइन से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। सिर्फ केमिकल में डुबोकर उसकी शुद्धता की जांच हो सकती है। वजन देखा जाता है। तीन परत सोने की चढ़ी होने से पता नहीं चल पाता था। गिरोह इसका फायदा उठा रहा था।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने न्यू आदर्श नगर टीला निवासी लाला लालवानी, गोकुल नगर निवासी अरविंद चौधरी, वीरेंद्र गिडवानी उर्फ वीरू और तेज नगर निवासी राजकुमार उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। उनसे ऋण संबंधी कागजात, चार मोबाइल और 2100 रुपये बरामद किए गए हैं।