मैनपुरी/ किशनी। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में अलग-अलग क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित चार लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 106 पहुंच गई है। कस्बा कुसमरा निवासी पूर्व सभासद उपेंद्र यादव उर्फ मुन्ना बाबू पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। परिजन उनका आगरा में उपचार करा रहे थे। उपचार के दौरान वे कोरोना संक्रमित मिले। रविवार की सुबह ऑक्सीजन लेवल कम होने पर उनकी आगरा के निजी अस्पताल में मौत हो गई। रविवार को उनका अंतिम संस्कार कोरोना संक्रमण से किया गया।
बिछवां निवासी 60 वर्षीय एक व्यक्ति को शनिवार की रात सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजन जिला अस्पताल लाए। यहां जांच के दौरान वो कोरोना संक्रमित मिला। वृद्ध को रात में ही कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहन नगर निवासी 65 वर्षीय एक महिला को दो दिन पूर्व कोरोना संक्रमित पाए जाने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई। शहर के मोहल्ला आवास विकास निवासी 60 वर्षीय महिला को शनिवार की रात सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। इमरजेंसी में ही उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।