कासगंज। पिछले दिनों ढोलना पुलिस द्वारा किए गए गंाजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे चार अन्य तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इनके कब्जे से 11 किलो गांजा और अवैध चार तमंचे मिले है। पुलिस पूछताछ में गांजा तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तस्करी करते हैं।
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि गांजा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने और गांजा तस्कर गैंग का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं थीं। यह सभी टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रही हैं। अभी पिछले दिनों ही ढोलना पुलिस ने साढ़े छ: क्विंटल गांजा बरामद किया था। दो तस्कर पुलिस ने गिरफ्तार किए जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर चार तस्कर भाग गए। ढोलना पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। अब पुलिस ने गांव बरखुरदारपुर के समीप से सोमवार की रात चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनमें आगरा के सैंया निवासी सत्यवीर सिंह, खेरागढ़ निवासी तेजपाल, जिला अलीगढ़ के इगलास निवासी दीपक और पीपू शामिल हैं। इन सभी ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि वे उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से तस्करी के लिए गांजा लाते हैं। उनका पूरा गैंग यही काम करता है। यह गांजा प्रदेश के विभिन्न जिलों में बेचते हैं।
तस्करी के लिए टंकियों का लेते हैं सहारा
पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे पुलिस से बचने के लिए दिमाग का इस्तेमाल करते हैं। ट्रक में पानी की खाली टंकियंा लादकर ले जाते हैं और उन्हीं टंकियों में गांजा भरवाकर तस्करी करते हैं। तस्करों ने बताया कि वे अपनी कार से आगे पीछे चलते हैं जिससे पुलिस गांजा ले जा रही गाड़ी पकड़े तो हम वहां से भाग सकें।
दोगुने लाभ का है व्यापार
तस्करों ने पुलिस को बताया है कि आंध्र प्रदेश और उड़ीसा से गांजा उन्हें चार से साढ़े चार लाख रुपये क्विंटल तक मिलता है। जिसकी बिक्री आठ से नौ लाख रुपये प्रति क्विंटल प्रदेश में हो जाती है। फुटकर में छोटे विक्रेताओं को दस हजार रुपये प्रतिकिलो गांजा बेचते हैं।
इन जिलों में देते हैं आपूर्ति
शातिर दिमाग तस्कर गांजे की आपूर्ति अलीगढ़, आगरा, मथुरा, भरतपुर आदि क्षेत्रों में करते हैं और कहीं से मांग आती है तो वहां भी आपूर्ति करा देते हैं।
आंध्र प्रदेश का सूरज है मास्टर माइंड
पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया है कि आंध्र प्रदेश में उन्हें जो गांजे की आपूर्ति देता है वह मास्टरमाइंड सूरज है। वही उनसे रुपये लेता और आपूर्ति देता है और अपने प्रदेश से निकलने का रूट चार्ट भी बताता है।