सैंया। सैंया थाना क्षेत्र में एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर, अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने और फिर जबरन शादी कर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घिनौने कृत्य में आरोपी युवक के परिजन ने भी साथ दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवती गांव बाद स्थित एक जूता फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं पर उसके साथ कप्तान सिंह नामक युवक भी कार्यरत था। आरोप है कि कप्तान सिंह ने पहले युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाया और धोखे से उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं। इन तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह युवती को लगातार ब्लैकमेल करने लगा। युवती का आरोप है कि आरोपी कप्तान सिंह ने अपनी मां, बुआ और फूफा के सहयोग से उसे डरा-धमकाकर एक मंदिर में ले जाकर जबरन शादी रचा ली। इसके बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया और वहां उसे बंधक बना लिया। घर के भीतर आरोपी ने युवती को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर युवती अपने घर पहुंची और परिजन को आपबीती सुनाई। सदमे में आए परिजन पीड़िता को लेकर तुरंत थाना सैंया पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी कप्तान सिंह और उसके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। युवती को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है।