उत्तर प्रदेश के आगरा में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंग युवकों ने महिला के घर में घुसकर मारपीट की। बचाने आए परिजन को भी पीटा। पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसी तरह कमला नगर में छेड़छाड़ से मना करने पर घर में घुसकर मारपीट की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। थाने में तहरीर दी गई है।
मामला ताजगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम को करीब पांच बजे वह प्लाट से घर जा रही थी। रास्ते में घर के पास रघुवीर, रामनिवास, जगदीश, अनिल, महेश, योगेश, नशे की हालत में खड़े थे। वहां से निकलने के दौरान ये लोग गाली देने लगे। ऐतराज जताते हुए वह अपने घर चली आई। आरोपी पीछे से घर के अंदर आ गए। छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर जेठानी व देवरानी आ गईं। उनके साथ भी मारपीट करते हुए उनके भी कपड़े फाड़ दिए।
धारदार हथियार और लाठी-डंडे से बोल दिया हमला
परिवार के अन्य लोगों के आने पर आरोपियों के अन्य लोग भी धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर आ गए। मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। हमले में घायल हुए परिवार के तीन लोगों ही हालत नाजुक बनी है। थाने का प्रभार देख रहे राजकुमार का कहना है कि मामला मारपीट का है। तहरीर के आधार पर 13 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं।
बेटी से की छेड़छाड़, रोकने पर घर में घुस आए
कमलानगर थाना क्षेत्र में पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह छह महीने से तीन बच्चों को लेकर किराए के घर में रह रही है। पति अलग रहते हैं। वह घरों में कामकाज करती है। आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुछ युवक नाबालिग बेटी को देखकर भद्दे कमेंट करते हैं। होली से पहले भी युवकों ने बेटी से रास्ते में कमेंट के जरिए छेड़छाड़ की।
विरोध होने पर मां-बेटी घर आ गईं
बेटी के बताने पर वह युवकों को टोकने गई। विरोध होने पर मां-बेटी घर आ गईं। थोड़ी देर बाद आरोपी घर में घुस आए, बेटी से छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कमला नगर थाने का प्रभार देख रहे आशीष कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।