एटा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी को एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय के बाहर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई करने की धमकी देते हुए अधिकारी ने मिल्क प्लांट संचालक से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
थाना पिलुआ क्षेत्र के नगरिया मोड़ निवासी देवेन्द्र सिंह यादव का राजा रॉयल मिल्क प्लांट है। प्लांट संचालन के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने उससे 50 हजार रुपये प्रति माह रिश्वत मांगी थी। न देने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करने की धमकी दी थी।
इससे परेशान होकर प्लांट संचालक ने मामले की शिकायत आगरा एंटी करप्शन टीम से की थी। इस पर आगरा एवं झांसी से एंटी करप्शन की टीम मुख्यालय पहुंची। जहां खाद्य सुरक्षा अधिकारी को प्लानिंग के तहत टीम ने रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
संचालक देवेन्द्र यादव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी पिछले काफी दिनों से प्लांट संचालक को परेशान कर रहा था। वो पहले भी मिठाई ले चुका है। पकड़े गए अधिकारी के खिलाफ टीम ने कोतवाली नगर में कार्रवाई की है।