मकर संक्रांति के बाद मौसम में बदलाव होता रहा है, लेकिन इस साल मौसम की चाल एकदम उल्टी है। पूरे दिसंबर और जनवरी के पहले पखवाड़े में मौसम गर्म रहा और कोहरा केवल एक दिन नजर आया, लेकिन संक्रांति पर सुबह कोहरा बेहद घना तो रहा ही, दिन में भी सूर्यदेव दोपहर 2.30 बजे नजर आ पाए। घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही, वहीं तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक कोहरा और सर्दी का यह मेल अगले दो दिनों तक बरकरार रहेेगा और तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
गुरुवार इस सीजन का पहला ऐसा दिन रहा, जब रात से शुरू हुआ कोहरा पूरे दिन छाया रहा। सुबह दृश्यता शून्य रही तो दिन में यह 500 मीटर तक ही पहुंच पाई। घने कोहरे के साथ दिन में पारा सामान्य से चार डिग्री नीचे आ गया। बुधवार को 24.7 डिग्री के मुकाबले में गुरुवार को पारा 6 डिग्री लुढ़क कर 18.3 डिग्री पर आ गया। पूरे दिन सर्द हवाओं के साथ कोहरे ने ट्रैफिक की रफ्तार को थामे रखा। दिसंबर और जनवरी के गर्म होने पर चिंतित किसानों को भी कोहरे के कारण अब यह उम्मीद बंधी है कि पारा लुढ़कने से शायद आलू और गेहूं की खेती को फायदा हो सके।
ढाई बजे नजर आया ताजमहल
यमुना नदी का किनारा होने के कारण सुबह ताजमहल नजर ही नहीं आया। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर सेंट्रल टैंक पर पहुंचे पर्यटकों को ताजमहल घने कोहरे के कारण दिखा ही नहीं। सेंट्रल टैंक पर फोटोग्राफी कराने वालों को इससे मायूस होना पड़ा। दोपहर ढाई बजे के बाद धूप निकली तो सेंट्रल टैंक से ताज बेहद हल्का नजर आया और पांच बजे के बाद फिर कोहरे की चादर ने उसे ढंक लिया।
दो दिन कोहरा और सर्दी की दस्तक
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों तक आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में जबरदस्त कोहरा छाया रहेगा और दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट अगले दो दिनों में होने के आसार हैं। दो दिनों तक घने कोहरे से दृश्यता शून्य ही रहेगी।
कोहरे के कारण घंटों की देरी से चलीं ट्रेनें
आगरा। कोहरे ने एक बार फिर ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। घने कोहरे के कारण एक ट्रैक पर दो-दो ट्रेनों को ही गुजारा गया। इससे कई गाड़ियां घंटों की देरी से चलीं। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार देर शाम तक यात्री ट्रेनों का इंतजार करते देखे गए।
मौसम में आए बदलाव ने ट्रेनों की चाल प्रभावित कर दी। बुधवार की रात से कोहरा छाना शुरू हो गया था जो कि गुरुवार की शाम तक रहा। इसके चलते हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस दो घंटे, सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस 2.15 घंटे, अजीमाबाद एक्सप्रेस दो घंटे, महाकौशल एक्सप्रेस 3.45 घंटे, पंजाब मेल दो घंटे, गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस दो घंटे देरी से चलीं। इसका असर अन्य रेलगाड़ियों पर भी पड़ा। यात्रियों को घंटों प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार करते देखा गया। गुरुवार की शाम तक कोहरे के कारण अन्य ट्रेनें भी घंटों की देरी से चल रहीं थीं।