आगरा। कालिंदी विहार में निर्माणाधीन बुद्धा पार्क का बुधवार को महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक धर्मपाल सिंह और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने निरीक्षण किया। महापौर ने निर्माण में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। यहां के बाद उन्होंने सिकंदरा स्थित बाईंपुर में निर्माणाधीन नाले को भी देखा। नाला निर्माण में कई खामियां पाई गईं। ठेकेदार के अनुपस्थित रहने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। कुछ स्थानों पर विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण नाले की चौड़ाई प्रभावित होती पाई गई। नगरायुक्त ने विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान करने और नाले की निर्धारित चौड़ाई के अनुसार निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। शास्त्रीपुरम के सुनारी गांव में प्रस्तावित वीर गोकुला जाट की प्रतिमा स्थल का भी निरीक्षण किया।
कोठी मीना बाजार नाले की जाली पर लग रहीं दुकानें हटवाईं
आगरा। कोठी मीना बाजार क्षेत्र में नाले की जाली पर लग रही अस्थाई दुकानों को नगर निगम प्रशासन ने अभियान चलाकर हटवा दिया। नाले के ऊपर लगे लोहे के जाल पर दुकानों के कारण दुर्घटना की आशंका जताई गई थी। अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने नगर निगम को पत्र लिखकर इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इस पर टीम ने नाले की जाली पर लगाई गईं दुकानों को हटवा दिया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में नाले की जाली या आसपास पुनः अतिक्रमण न करें। प्रवर्तन दल प्रभारी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि नाले की जाली पर पुनः दुकानें न लगें, इसके लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
लड्डू गोपाल प्रतिमा के पास बदले जा रहे बोलार्ड
आगरा। यमुना किनारा रोड स्थित आंबेडकर पुल के नीचे लोहे के कबाड़ से बनी लड्डू गोपाल की प्रतिमा के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए नगर निगम ने क्षतिग्रस्त बोलार्ड (सुरक्षा पोल) को बदलने का कार्य शुरू करा दिया है। नगर निगम ने कुछ समय पूर्व इस स्थान को सेल्फी पॉइंट के रूप में सुरक्षित बनाने के लिए बोलार्ड लगाए गए थे, लेकिन लगातार भारी वाहनों के आवागमन और अधिक ट्रैफिक दबाव के कारण इनमें से अधिकांश बोलार्ड क्षतिग्रस्त हो गए थे। अवर अभियंता ललित अग्रवाल ने बताया कि इस कार्य के पूरा होने के बाद यहां ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित होगी। ब्यूरो