कासगंज। जिले में पुलिस व पीएसी ने शनिवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च कर लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन न करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने अपील की कि लॉकडाउन को बिल्कुल भी हल्के में ना लें। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए यह आवश्यक है।
शहर में सोरों गेट से पुलिस व पीएसी का फ्लैग मार्च शुरू हुआ। एसडीएम ललित कुमार, सीओ आरके तिवारी, कोतवाली निरीक्षक दिनेश कुमार दुबे ने इसका नेतृत्व किया। सोरों गेट, नदरई गेट, बिलराम गेट, सहावर गेट, सर्कुलर रोड, जामा मस्जिद बाजार समेत अन्य इलाकों में पुलिस पीएसी के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। अचानक बड़ी सख्ती से लोग कौतूहल में थे।
इसी तरह से अन्य इलाकों में भी लॉकडाउन का उल्लंघन न हो इसके लिए फ्लैग मार्च हुआ। गंजडुंडवारा में एसडीएम शिव कुमार, सीओ रवेंद्र पाल गौतम ने पुलिस बल व पीएसी के जवानों के साथ नगर के सभी बाजारों में फ्लैग मार्च किया। सहावर में एसडीएम अशोक कुमार, शैलेंद्र प्रतिहार ने पुलिस के जवानों के साथ फ्लैग मार्च किया।
सिढ़पुरा में थाना प्रभारी राजकुमार सिंह और सोरों में कोतवाली निरीक्षक रिपुदमन सिंह ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर लोगों को लॉकडाउन का पालन करने की चेतावनी दी। प्रशासनिक व पुलिस अफसरों ने स्पष्ट कहा कि जो भी लॉकडाउन का उल्लंघन करेगा उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
पूरे जिले में अब सुबह व शाम दो बार फ्लैग मार्च कराया जाएगा ताकि लोग लापरवाही ना करें। लॉकडाउन का पूरी तरह से अनुपालन करें। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी