मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह सोमवार को निरीक्षण पर निकले। एक स्कूल में 17 बच्चों को पढ़ाने के लिए पांच शिक्षक तैनात मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने बीएसए को सुधार के लिए निर्देशित किया है।
सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय रूपपुर भरतपुर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां 17 छात्र उपस्थित थे तो वहीं पांच शिक्षकों की तैनाती मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने बीएसए को निर्देशित किया कि छात्र संख्या के आधार पर ही शिक्षकों की तैनाती होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के आसपास के विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती मानक के अनुसार नहीं है। निरीक्षण के दौरान पाया कि विद्यालय में 02-02 शौचालय बालक और बालिकाओं लिए बनाए गए हैं। शौचालय की दशा काफी खराब मिली। दो शौचालयों में जहां दरवाजे नहीं थे तो वहीं बाउंड्रीवाल निर्माण और रंग रोगन भी नहीं कराया गया था। उन्होंने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को तत्काल विद्यालय में कार्य कराने के आदेश दिए।
शैक्षिक स्तर परखने के लिए जब डीएम ने कक्षा छह की छात्रा लवली से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक जानकारी भी दें। बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने के लिए प्रेरित करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत मौजूद रहे।