बेवर। गांव सकत बेवर में रविवार को खड़ंजा को लेकर हुए झगड़े में घायल सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
सकत बेवर में रविवार को नाली और खड़ंजा निर्माण को लेकर सेवानिवृत्त शिक्षक किशन पाल और रामबाबू के बीच विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। मारपीट में सीने में ईंट लगने से किशनपाल घायल हो गया था।
परिजन किशनपाल को फर्रुखाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले में किशनपाल के पुत्र अरुण कुमार ने गांव निवासी सुनील कुमार, कृष्ण मुरारी, सदानंद, अरविंद और दिव्यांशु उर्फ भोले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।