फिरोजाबाद की नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित प्रत्याशी हर्षिता सिंह ने जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी रुचि सिंह को हार का सामना करना पड़ा। हर्षिता सिंह पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू हैं। उनकी जीत से भाजपाइयों में खुशी की लहर है।
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। सभी 33 सदस्यों ने वोट डाले। भाजपा समर्थित हर्षिता सिंह के पक्ष में 18 वोट पड़े, जबकि 12 सपा को वोट पड़े। जबकि तीन वोट निरस्त हो गए। इस तरह हर्षिता ने छह वोटों से जीत दर्ज की है।
नाटकीय घटनाक्रम में यह रहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व सांसद अक्षय यादव और एमएलसी दिलीप यादव खुद सुबह 10:30 बजे 17 जिला पंचायत सदस्यों को लेकर पहुंचे। सभी को गेट के अंदर किया, लेकिन सपा प्रत्याशी के पक्ष में सिर्फ 12 सदस्यों ने ही मतदान किया।