यूपी के फिरोजाबाद जिले के जसराना से भाजपा विधायक रामगोपाल गप्पू लोधी के खिलाफ पंचायत सचिव से मारपीट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। विधायक के अलावा उनके गनर व पांच अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस ने इस मामले में शासन के निर्देश के बाद कार्रवाई की है। वहीं विधायक पर केस दर्ज होने के बाद पंचायत सचिवों ने उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की।
मंगलवार का फिरोजाबाद के एका ब्लाक की ग्राम पंचायत पाढ़म में तैनात ग्राम पंचायत सचिव रामचंद्र ने जसराना के भाजपा विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी, उनके गनर राममूर्ति पर मारपीट, गाली गलौज एवं अभद्रता करने का आरोप लगाया था।
दरअसल, जरैला निवासी रामचंद्र एका ब्लाक की ग्राम पंचायत पाढ़म में पंचायत सचिव के पद पर तैनात हैं। रामचंद्र की मानें तो वह मंगलवार को ग्राम पंचायत पाढ़म स्थित कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना के जीओ टैगिंग संबंधी काम निपटा रहे थे।
पंचायत सचिव को आईं चोटें
- फोटो : अमर उजाला
पाढ़म के प्रधान शैलेंद्र यादव एवं टाडा के प्रधान छोटेलाल मौजूद थे। इसी दौरान जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू का मोबाइल पर काल आई और तत्काल कबिलपुर आने के लिए कहा था।
रामचंद्र ने बताया उन्होंने पाढ़म में जरूरी काम होने और कार्य पूरा होते ही आने की बात कही तो विधायक आग बबूला हो गए। वह थोड़ी देर के बाद गनर के साथ कसबा पाढ़म पहुंचे और गाली गलौज करने के साथ मारपीट की।
इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी सीडीओ, डीपीआरओ को देने के साथ डीएम-एसएसपी को दी थी। पंचायत सचिव का मेडिकल जिला अस्पताल में कराया गया और डीएम नेहा शर्मा ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। पिटाई से सचिव की आंख पर चोट आई थी।
अपने पक्ष में ये बोले विधायक
विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी मंगलवार को पाढ़म के गांव कबिलपुर में लोगों ने बताया कि पंचायत सचिव रामचंद्र पीएम आवास योजना में दस से 15 हजार रुपये मांग रहे हैं। जब पंचायत सचिव से बात की तो उन्होंने मुझे पहचानने के इंकार कर किया।
सचिव पाढ़म के गांव नगला ताड़े में कुछ अन्य प्रधानों के साथ चेक काट रहे थे। मेरे यहां आने पर कबिलपुर गांव से भी आठ दस लोग अपने वाहनों से आ गए।
सचिव से मैंने कहा कि यहां फर्जी चेक काट रहे हो जनता की समस्या सुनने का समय नहीं। इसी तनातनी में कबिलपुर गांव से आए लोगों ने सचिव की पिटाई कर दी। अब सचिव अपने बचाव के लिए मेरे और मेरे गनर पर आरोप लगा रहे हैं।