टूंडला (फिरोजाबाद)। बुधवार दोपहर को ग्रामीण क्षेत्र से फाइनेंस कराए रुपये की किस्तें एकत्रित कर लौट रहे एक फाइनेंस बैंक कर्मचारी से तमंचा दिखाकर बाइकर्स गैंग के तीन सदस्य 1.7 लाख रुपये लूट ले गए। दिनदहाड़े लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच की।
टूंडला की निकुंज कालोनी में बंधन फाइनेंस बैंक संचालित है। यह बैंक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विविध कार्यों के लिए फाइनेंस करती है। बुधवार दोपहर पौने तीन बजे करीब फाइनेंस बैंककर्मी ब्रजेश सोलंकी पुत्र घनश्याम सिंह निवासी गांव सकतपुर, थाना अछनेरा, आगरा प्रतिदिन की भांति फाइनेंस किए रुपयों की किस्त लेने के लिए निकला था। वह गांव चुल्हावली, टीकरी होते हुए गांव चंडिका पहुंचा तथा तय किस्तों का पैसा लेकर लौट रहा था।
ब्रजेश के मुताबिक वह जैसे ही गांव से निकलकर हाइवे की ओर बढ़ा तभी पीछे से तीन बाइकों पर सवार तीन युवकों ने उसे तमंचा दिखाते हुए रोक लिया तथा गोली मारने की धमकी देते हुए उससे बैग व उसका मोबाइल छीन लिया। मोबाइल खेत में फेंक दिया तथा हाईवे की ओर भाग गए। बैग में बैंक के 1.7 लाख रुपये रखे हुए थे। घटना के तुरंत बाद उसने पुलिस को अवगत कराया। लूट की सूचना पर एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्रा व कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में वाहन चेकिंग भी कराई, लेकिन बदमाशों का कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
टोल प्लाजा पर पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद फाइनेंसकर्मी द्वारा बताई गई बाइकों व बदमाशों की तलाश में पुलिस ने टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी भी खंगाले। इसके साथ ही पुलिस हाइवे पर अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी रिकार्डिंग खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द घटना का खुलासा हो सके।
फाइनेंसकर्मी से लूट की जानकारी पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। फाइनेंस कर्मी तीन बाइकों पर तीन लुटेरों द्वारा लूट का आरोप लगा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
मुकेश कुमार मिश्र, एसपी सिटी