टूंडला। डेंगू व वायरल फीवर प्रतिदिन किसी न किसी का दम घोंट रहा है। बुधवार को थाना नगला सिंघी के गांव लांघीकला में किशोरी की बुखार से मौत हो गई। गांव में घर-घर डेंगू व वायरल फीवर से पीड़ितों की चारपाइयां बिछी हुई हैं। किशोरी की मौत के बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगाकर उपचार किए जाने की मांग की है।
गांव लांघीकला निवासी विनोद कुुमार यादव के घर में उसकी पत्नी कमलादेवी, पुत्री रितु यादव, निशा व पुत्र अजय कुमार पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित हैं। वो गांव के ही इलाज करा रहे थे। बुधवार को सुबह रितु यादव (17) की मौत हो गई। रितु यादव टूंडला के बीजादेवी इंटर कालेज में कक्षा 10 की छात्रा थी।
ग्रामीणों का कहना है कि लांघीकला में वायरल से हालात बेकाबू हैं। घर-घर चारपाई बिछी हुईं हैं। सूचना के बाद अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची है। दवा छिड़काव के नाम पर खानापूरी की गई है। गांव में गंदगी, जलभराव से मच्छर पनप रहे हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच व दवा वितरण की मांग की है।
गांव में बुखार से ये लोग हैं पीड़ित
गांव में सुमन, प्राची, भगवान देवी, मंजू, अंजू, सुशील कुमार, सूरज पाल, कृष्णकांत, दिव्यांशी, मानसी, भूरी देवी, चंद्रप्रकाश, सीयाराम, रैनू,शारदा, संदीप, लव यादव, विनोद कुमार, निशा, अजय अभी बुखार से पीड़ित हैं। इसके अलावा टूंडला, आगरा में उपचार करा रहे हैं।
गांव में बुखार फैलने की जानकारी मिली है। बृहस्पतिवार को गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही मरीजों को दवा वितरित की जाएगी।
डॉ. संजीव वर्मा, अधीक्षक-सीएचसी, टूंडला