कासगंज। चकरोड के विवाद में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से गांव प्रीतमनगर में दहशत छा गई है। भोर होते ही जब लोगों की आंखें खुलीं तो गांव के पास ही गोलियों की तड़तड़ाहट सुन वे सहम गए। गांव में पुलिस, पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। गलियों में सन्नाटा छाया हुआ है।
शुक्रवार को प्रीतम नगर के लोग ने दैनिक दिनचर्या से दिन की शुरूआत कर रहे थे। तभी गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देनें लगी। डरे सहमे लोग खेतों की ओर नहीं गए और वे अपने घरों में ही छिपे रहे। जब गांव में पुलिस पहुंची तब लोगों ने घरों से निकलना शुरू किया। हालांकि कुछ लोग पीड़ित पक्ष की ओर से घटनास्थल के पास पहुंच गए थे। गांव में संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस, पीएसी के जवान पूरी तरह मुस्तैदी बनाए हुए हैं।
घटना के बाद गांव में ही थे हमलावर
हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें पुलिस कार्रवाई का भी खौफ नहीं था। तभी तो वे घटना के बाद बेखौफ होकर अपने घरों में ही थे। पुलिस ने घेराबंदी कर 8 लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं है, लेकिन पुलिस जांच कर रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे।
प्रीतमनगर ने याद दिला दिया होडलपुर
बीते माह 26 जुलाई को सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव होडलपुर में इसी तरह की घटना हुई थी। नामजद आरोपियों ने एक ही परिवार के लोगों की घेराबंदी कर फायरिंग कर दी थी। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी।
होमगार्ड विभाग ने लगाई ड्यूटी पर रोक
घटना का मुख्य आरोपी ओमपाल पटियाली कोतवाली में होमगार्ड है। पुलिस होमगार्ड के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर होमगार्ड विभाग को भेज रही है। इधर घटना की जानकारी होने पर होमगार्ड कमांडेंट अजय कुमार ने संबंधित कमांडर से रिपोर्ट मांगी है और तत्काल होमगार्ड की ड्यूटी पर रोक लगाते हुए विभागी कार्रवाई की तैयारी की है।
शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति करेगी पुलिस
पुलिस ने लाइसेंसी शस्त्र रायफल जब्त करने के बाद लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी की है। सिकंदरपुर वैश्य थाना प्रभारी दशरथ सिंह के मुताबिक लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। ताकि लाइसेंस निरस्त हो सके।
घटना के बाद जिलेभर में किया अलर्ट
सिकंदरपुर वैश्य के गांव प्रीतमनगर में हुई घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट कर दिया है। एएसपी आदित्य वर्मा ने सभी हल्का इंचार्जों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर देखें कि कहीं कोई तनाव की स्थिति तो नहीं है। अंदरखाने कहीं झगड़े के हालात तो नहीं बन रहे। इसके अलावा एएसपी ने सभी चौकीदारों की जिम्मेदारी भी बढ़ा दी है। एएसपी ने बताया कि चौकीदार गांव की मुख्य व्यवस्था की मुख्य कड़ी हैं। उन्हें पूरे गांव के माहौल की जानकारी रहती है। सभी चौकीदारों से कहा है कि समय समय पर गांव के माहौल की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दें।