कासगंज के सिढपुरा में दो पक्षों में हुए झगडे के बाद मौके तैनात पुलिस बल ।
- फोटो : KASGANJ
सिढ़पुरा(कासगंज)। सिढ़पुरा में बृहस्पतिवार की रात भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर नामजद आरोपियों द्वारा सेल्समैन के साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने भाजपा नेता के घर पहुंचकर भी फायरिंग की। घटना की सूचना पर सिढ़पुरा व आसपास के क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेता की तहरीर पर तीन लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 से 100 लोग इस घटना में अज्ञात रूप से दर्शाए गए हैं।
भाजपा नेता एवं कारोबारी श्यामसुंदर गुप्ता के भतीजे रवीश गुप्ता ने यह एफआईआर दर्ज कराई गई है। घटना बृहस्पतिवार करीब 8 बजे की है। बताया गया कि कस्बे के मोहल्ला पंतनगर निवासी प्रशांत गुप्ता पुत्र अवधेश कुमार गुप्ता अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर बाइक की रिफिलिंग कराने गया। इसी दौरान सेल्समैन आशुतोष यादव ने प्रशांत गुप्ता और उसके साथियों से बाइक बंद करने को कहा। इसी बात ने तुल पकड़ लिया। सेल्समैन और एफआईआर में नामजदों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरा में रिकॉर्ड हो गई। प्रशांत ने झगड़े की सूचना अपने पिता अवधेश गुप्ता, चाचा मनोज गुप्ता व अन्य लोगों को दी। वे लोग एकत्रित होकर भाजपा नेता के घर पहुंच गए और हंगामा करते हुए फायरिंग कर दी। इस बीच सूचना पर पुलिस क्षेत्र में पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ाया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, सीओ पटियाली आरके तिवारी, सिढ़पुरा इंस्पेक्टर विनोद कुमार व आस पास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। भाजपा नेता के भतीजे की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मारपीट की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने प्राप्त कर ली है। जिसकी जांच की जा रही है।
बृहस्पतिवार की रात सिढ़पुरा में विवाद की जानकारी मिली। एक पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर सिढ़पुरा थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच भी होगी। - रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी