डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएड सत्र 2004-05 का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर परिषदीय बेसिक स्कूलों में नौकरी कर रहे शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के संबंध में सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के सभी एसपी को पत्र लिखा है। अनुरोध किया है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से तहरीर दिए जाने पर एफआईआर दर्ज कर ली जाए। इस संबंध थानाध्यक्षों को निर्देश दिया जाए।
फर्जी शिक्षकों की सेवा समाप्त किए जाने के बाद एफआईआर दर्ज कराई जानी है। जिले में एसआईटी (विशेष जांच दल) की संशोधित सूची के आधार पर 249 शिक्षक चिह्नित जरूर किए गए हैं, पर इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पाई है।
आठ अक्तूबर 2019 को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में हुए अग्निकांड में कुछ शिक्षकों के रिकॉर्ड जल गए और बाकी कमरे सील हैं। विभाग के पास चिह्नित शिक्षकों की सूची है, उसको डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से सत्यापित कराने का प्रयास किया जा रहा है, अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है।