मैनपुरी। विद्युत निगम द्वारा शुक्रवार को शहर में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 47 बकाएदारों से मौके पर ही आठ लाख रुपये जमा कराए गए। तीन लोगों पर बिजली चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं करहल में दो लोगों पर बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अधीक्षण अभियंता विद्युत अतुल अग्रवाल के निर्देशन में शुक्रवार को शहर में पूर्व में बकाए पर काटे गए कनेक्शन चेक किए गए। अलग-अलग टीमों ने कुल 183 ऐसे कनेक्शन चेक किए। इस दौरान बिना बकाया बिल जमा किए 32 लोग फिर से कनेक्शन जोड़े पाए गए। उन्हें मौके पर ही बिल जमा करने का विकल्प दिया गया। इसमें 32 लोगों समेत कुल 47 लोगों ने आठ लाख रुपये का बकाया बिल मौके पर ही जमा किया। चेकिंग के दौरान बिजली चोरी भी पकड़ी गई। इसके चलते तीन लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। टीम में उप खंड अधिकारी पदम गर्ग, मुन्नीलाल गुप्ता, अवर अभियंता रामसनेही लाल, प्रतीक यादव, मनीष कुमार शामिल रहे। वहीं करहल में अवर अभियंता असलमउद्दीन के नेतृत्व में बिजली चेकिंग की गई। इसमें मोहल्ला मनिहारान में मोहम्म वसीम और मोहल्ला विरतियान में आकाश वर्मा बिजली चोरी करते हुए पाए गए। उनके विरुद्ध बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है।