कासगंज। एक दिन पूर्व सोशल मीडिया पर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आपत्तिजनक फोटो व पोस्ट वायरल करने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मोबाइल नंबर के आधार पर आईटी एक्ट की धाराओं में मामला पंजीकृत किया है।
न्यू रेलवे कॉलोनी स्टेशन रोड पटियाली निवासी युवक अमन चौहान की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। अमन चौहान ने जानकारी दी है कि एक मोबाइल उपभोक्ता ने सीएम योगी आदित्यनाथ का आपत्तिजनक फोटो वायरल किया है। इससे उनके समर्थकों की भावनाएं भड़काने का कार्य किया है। पोस्ट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और योगी समर्थकों में आक्रोश है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पटियाली के इंस्पेक्टर गंगाप्रसाद सिंह स्वयं इस मामले की विवेचना कर रहे हैं।