विधायक के विरोध में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
थाना नारखी के गांव बदनपुर के ग्रामीणों ने फिरोजाबाद-फरिहा मार्ग को सोमवार सुबह तीन घंटे तक जाम रखा। ग्रामीणों ने जसराना के भाजपा विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी एवं उनके समर्थकों पर मारपीट, जानलेवा हमला, गाली-गलौज और फायरिंग का आरोप लगाया है। पीड़ित ग्रामीणों की तहरीर पर भाजपा विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी सहित 12 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है।
बदनपुर निवासी ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार की रात आठ बजे जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी के पीजी कोल्ड स्टोरेज के स्टाफ से पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। ग्रामीण मुन्ना लाल का कहना है कि वह कोल्ड स्टोरेज के एक कर्मचारी से उधारी की रकम मांगने गए थे। इस दौरान विवाद हो गया। बीच में विधायक और उनके साथी आ गए। इन लोगों ने ग्रामीणों, महिलाओं के साथ मारपीट करने के साथ गाली-गलौज एवं अभद्रता की।
आरोप है कि विधायक पक्ष की ओर से दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई फायर किए गए। इसके विरोध में सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे कोल्ड स्टोरेज के समीप ग्रामीणों ने पेड़ को डालकर फिरोजाबाद-फरिहा मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने जसराना विधायक के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। ग्रामीण विधायक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे।
साढ़े 10 बजे के बाद खुल सका जाम
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नारखी ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब साढ़े 10 बजे सीओ टूंडला देवेंद्र सिंह एवं एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि वह जो तहरीर देंगे उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। जिनके चोट लगी है उनका मेडिकल होगा। पुलिस अधिकारियों की बात पर ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हो गए।
पुलिस ने मारपीट में घायल हुए बदनपुर निवासी रेनू (24) पत्नी श्यामसुंदर, रश्मि (27) पत्नी हरीशंकर, बंटू (35), हरीशंकर (32), प्रेमशंकर (28) का मेडिकल जिला अस्पताल में कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक के समर्थकों ने घर में घुसकर मारपीट की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी, विवेक, सोनू, सत्यपाल, मोहित, रामौतार, देवेंद्र, संजय, संदीप, वीटू, सीटू, शशि शर्मा के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की नीयत से फायरिंग की रिपोर्ट की है।
जाम के कारण वाहनों की लगी कतार
फिरोजाबाद-फरिहा मार्ग पर तीन घंटे जाम लगने के कारण वाहनों का आवागमन बंद हो गया। इसके कारण लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। फिरोजाबाद मंडी में आने वाले किसानों के साथ ही ग्रामीणों के वाहन नहीं निकल सके। तीन घंटे के इंतजार के बाद ही वाहनों का निकाला जा सका।
भाजपा विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी ने कहा कि मेरे कोल्ड स्टोरेज के केमिकलयुक्त पानी निकालने को लेकर बघेल समाज के लोगों में रविवार की शाम को आपस में विवाद हुआ था। विवाद की सुनकर वहां गया था। इस दौरान सामने से मेरे ऊपर फायरिंग की गई। मेरा न तो किसी से कोई विवाद हुआ न फायरिंग कराई। पुलिस ने मेरे खिलाफ रिपोट दर्ज की है।