उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के शाहगंज इलाके स्थित शिव पुरम कॉलोनी में फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट पंकज वर्मा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह घर में अकेले थे। पत्नी समेत परिवार के अन्य लोग कैला देवी मंदिर दर्शन करने गए थे।
बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर कोहराम मच गया। पृथ्वीनाथ मंदिर के पास स्थित शिवपुरम कालोनी निवासी पंकज वर्मा (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद वर्मा फिरोजाबाद की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। मंगलवार को पंकज की पत्नी कृष्णा और बेटी को लेकर परिवार के लोगों के साथ कैला देवी दर्शन के लिए गई थीं।
पंकज घर पर अकेले थे। बुधवार सुबह तकरीबन 11 बजे तक वह घर से बाहर नहीं निकले। इस पर चचेरा भाई मोनू घर पर आया। आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांककर देखा। पंकज पंखे के कुंडे से साफी से बने फंदे पर लटके थे।
मोनू ने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा। सूचना पर पुलिस आ गई। उधर, जानकारी पर अन्य परिजन आ गए। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव ने बताया कि पंकज ने आत्महत्या की है। इसका कारण पता किया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ की जाएगी।