27एमएनपी-39-प्राथमिक विद्यालय खेरिया में शिक्षिकाओं के बीच विवाद के बाद पहुंची पुलिस व खंड शिक्षाध?
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/औंछा। विकास खंड घिरोर के गांव खेरिया में सोमवार को प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिकाओं में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते दोनों में जमकर मारपीट होने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले में जानकारी जुटाई। एक शिक्षिका ने पुलिस को मारपीट की तहरीर दी है।
प्राथमिक विद्यालय खेरिया में प्रीती गुप्ता और पूर्व माध्यमिक विद्यालय खेरिया में राजेश्वरी देवी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। सोमवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद मारपीट हुई। प्रीती गुप्ता का आरोप है कि राजेश्वरी देवी ने उन्हें बुरी तरह डंडों से पीटा, बचाने आई रसोइयों को भी पीटा। प्रीती गुप्ता की सूचना पर ही पुलिस और खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रीती गुप्ता ने मारपीट का आरोप लगाया तो वहीं राजेश्वरी देवी ने प्रीती गुप्ता द्वारा उनके पोते की मृत्यु को लेकर गलत टिप्पणी करने की बात कही। काफी देर तक समझाने के बाद भी बात नहीं बन सकी। इसके बाद प्रीती गुप्ता ने पुलिस को मारपीट की तहरीर दी है। वहीं खंड शिक्षाधिकारी को भी कार्रवाई के लिए लिखकर शिकायत दी है। मामले में कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोनों शिक्षिकाओं को घर भेज दिया गया।
कड़ी से कड़ी होगी कार्रवाई
जब इस बारे में खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने इस घटना को खेदजनक बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल में ऐसी घटना बर्दाश्त के बाहर है। एक शिक्षिका द्वारा लिखित में कार्रवाई के लिए शिकायत दी गई है। दोबारा किसी स्कूल में ऐसी घटना न हो इसके लिए कड़ी से कड़ी कार्रवाई के लिए बीएसए को संस्तुति भेजी जाएगी।