उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल में शनिवार को शर्मनाक घटना हुई। दोपहर में ताजमहल के चमेली फर्श पर मेहमान खाने की ओर रील बनाने से रोकने पर सीआईएसएफ जवान और युवतियों में विवाद हो गया। आरोप लगाया कि जवान ने युवतियों को पीटा। एक युवती ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसने कुछ वीडियो भी दिखाए हैं। वहीं सीआईएसएफ के मुताबिक मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
युवतियों ने पूरे मामले का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो में दिखा कि सीआईएसएफ जवान ने युवती को धक्का दिया और थप्पड़ मारा। अन्य युवतियां अपनी सहेली को बचा रही हैं। एक युवती ने जवान को लात मारी तो दूसरी ने धक्का दिया। इनमें से एक युवती ने 112 नंबर पर पुलिस को फोन कर बुलाया। बाद में उन्होंने सीआईएसएफ कंट्रोल रूम में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सीआईएसएफ का कहना है कि चमेली फर्श पर हुई घटना में युवती के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है, लेकिन तीन अन्य वीडियो भी रिकॉर्ड किये गए थे। ताजमहल में लगे सीसीटीवी फुटेज निकाल कर जांच की जा रही है। यह घटना दोपहर 2:15 बजे की है। उसका पूरा वीडियो देखा जा रहा है।
ताजमहल में रील बनाने के मामले में जो वीडियो वायरल हुए हैं, उसमें एएसआई पूरे मामले की जांच कर रहा है। कुछ वीडियो और भी हैं, जो आपत्तिजनक हैं, उन्हें भी देखा जा रहा है। पूरी जांच के बाद कार्रवाई जरूर होगी। -डॉ. राजकुमार पटेल, अधीक्षण पुरातत्वविद